![]()
समाजवादी व्यापार सभा के संयोजक और मेरठ मंडल प्रभारी अक्षय जैन अरिहंत ने शुक्रवार दोपहर तीन बजे प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रदेश के सभी 18 मंडलों में व्यापारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों की शुरुआत मेरठ से होगी। अक्षय जैन अरिहंत ने आरोप लगाया कि प्रदेश का व्यापारी वर्ग गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार में लगातार गिरावट आ रही है, अफसरशाही का दबाव बढ़ रहा है और रिश्वतखोरी चरम पर है। अरिहंत ने बताया कि 5 जुलाई को होने वाले इस सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मुख्य अतिथि होंगे। व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, राष्ट्रीय सचिव अपर्णा जैन और व्यापार सभा की प्रदेश कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि मेरठ के व्यापारी अब किसी बहकावे में नहीं आएंगे। वे सम्मेलन में शामिल होकर आगामी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में योगदान देंगे। प्रदेश सचिव सौरभ अग्रवाल ने बताया कि मेरठ मंडल के सभी जिलों से व्यापारी वर्ग सम्मेलन में शामिल होने को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने अब अपना मन बना लिया है। व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष हरप्रीत आहूजा ने जानकारी दी कि मेरठ में लगातार व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें सम्मेलन में आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी व्यापारियों का रुख सकारात्मक है। व्यापार सभा के महानगर अध्यक्ष निपुण अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब अतिथियों के आगमन का इंतजार है। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापारी वर्ग आगामी विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Source link
मेरठ में 5 जुलाई को होगा व्यापारी सम्मेलन:समाजवादी व्यापार सभा करेगी आयोजन, 2027 चुनावों पर रहेगा फोकस