![]()
मेरठ में जेल चुंगी से किला रोड की ओर जाने वाली सड़क पर इन दिनों जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही पास ही में स्कूल होने से छात्रों में बीमारी का खतरा बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि यहां आए दिन कूड़े में आग लग जाती है। इससे उठने वाला जहरीला धुआं आसपास के क्षेत्र में फैल जाता है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो रही हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया। जानकारी के अनुसार शहर से कूड़ा उठाने वाली नगर निगम की गाड़ियां रोजाना इसी स्थान पर रुकती हैं और बड़े डंपर में कूड़ा ट्रांसफर करती हैं। लेकिन जिस जगह कूड़ा ट्रांसफर किया जाता है, वहीं लगातार कूड़ा जमा होने से सड़क किनारा मिनी डंपिंग ग्राउंड में तब्दील हो गया है। मामले की जानकारी मिलने पर छात्र नेता विनीत चपराना मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मौके पर हंगामा किया और जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। विनीत चपराना ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ रखने के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन हकीकत में सड़कों को ही कूड़ाघर बना दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही इस कूड़े को छात्र यहांसे उठाकर संबंधित अधिकारियों के आवास पर ले जाकर ही प्रदर्शन करेंगे।
Source link
मेरठ में सड़क किनारे कूड़ा डाले जाने से लोग नाराज:छात्र नेता बोले सफाई नहीं हुई तो अधिकारियों के आवास पर डालेंगे कूड़ा