![]()
मेरठ में जमीन की धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के एक युवक के नाम पर फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार कर करोड़ों रुपये कीमत के उसके प्लॉट की फर्जी गिफ्ट डीड करा दी गई। पीड़ित का दावा है कि जिस महिला के नाम प्लॉट गिफ्ट किया गया, वह उसकी बहन नहीं है। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब प्रॉपर्टी डीलर प्लॉट का सौदा पक्का करने के लिए युवक के दिल्ली स्थित घर पहुंचे। दिल्ली के ज्योति नगर, शाहदरा निवासी दीपक जैन ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2009 में कंकरखेड़ा क्षेत्र के खड़ौली स्थित वंडर सिटी फेज-3 में पंकज चौधरी से करीब 2.35 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा था। पीड़ित के अनुसार, 19 जून को खड़ौली निवासी प्रॉपर्टी डीलर अमित कुमार और गायत्रीपुरम, भोला रोड निवासी सुधीर प्रजापति उनके दिल्ली स्थित घर पहुंचे। उन्होंने दीपक को बताया कि भारती जैन नाम की एक महिला उनका प्लॉट बेच रही है। महिला का दावा है कि यह प्लॉट उसे उसके भाई दीपक जैन ने गिफ्ट डीड के जरिए दिया है। डीलरों ने यह भी बताया कि वे प्लॉट का सौदा कर चुके हैं और 50 हजार रुपये ऑनलाइन एडवांस भी दे चुके हैं। यह सुनकर परिवार हैरान रह गया। दीपक जैन ने जब रजिस्ट्री विभाग से दस्तावेज निकलवाए तो पता चला कि 15 अप्रैल 2026 को किसी व्यक्ति ने खुद को दीपक जैन बताकर फर्जी आधार और पैन कार्ड के जरिए 38.85 लाख रुपये मूल्य दर्शाते हुए उक्त प्लॉट की गिफ्ट डीड भारती जैन के नाम करा दी। दीपक जैन का कहना है कि भारती जैन नाम की उनकी कोई बहन नहीं है। गिफ्ट डीड में इस्तेमाल किया गया आधार कार्ड और पैन कार्ड पूरी तरह फर्जी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठित भू-माफिया गिरोह ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके प्लॉट पर कब्जा करने और उसे बेचने की साजिश रची है। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी अविनाश पांडेय से करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ दौराला को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेरठ में फर्जी आधार-पैन से करोड़ों का प्लॉट गिफ्ट:दिल्ली के युवक के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया