प्रदुमन कौशिक | बुलंदशहर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र के सुनपेड़ा गांव में दो पक्षों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट और पथराव हुआ है। इस घटना का एक CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना रविवार सुबह 8 बजे की बताई जा रही है।

वायरल फुटेज में दिख रहा है कि एक पक्ष के 3-4 लोग एक युवक को जबरन खींचकर पीट रहे हैं। देखने वालों और फुटेज के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने लात-घूंसे और ईंट-पत्थर चलाए।
इस झगड़े में एक पक्ष की महिला कमला देवी और संजय समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि फुटेज की मदद से हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
