मेरठ में गैराज से हजारों का सामान चोरी:मकान मालिक के पीछा करने पर चोर बाइक से भागा


मेरठ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की सर्वोदय कॉलोनी में एक घर के गैराज से हजारों रुपये का सामान चोरी हो गया। मकान मालिक ने चोर को रंगे हाथ पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह चोरी का सामान एक जुगाड़ रेहड़े वाली बाइक पर रखकर फरार हो गया। पुलिस ने घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सर्वोदय कॉलोनी निवासी बिजेंद्र कुमार त्यागी ने पुलिस को बताया कि देर रात उन्हें अपने घर के भूतल से कुछ आवाजें सुनाई दीं। शक होने पर जब वह नीचे पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक युवक गैराज से सामान बोरे में भरकर बाहर ले जा रहा था। त्यागी ने शोर मचाते हुए आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चोर तेजी से बाहर निकला। उसने पहले से खड़ी मोटरसाइकिल पर लगे जुगाड़ रेहड़े में चोरी का बोरा रखा और मौके से भाग निकला। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली गई है, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित बिजेंद्र कुमार त्यागी की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *