जूस के पैसे मांगने पर बदमाशों ने की फायरिंग:मेरठ में दुकानदार पर चलाईं गोलियां, दुकान में छिपकर बचाई जान


मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र की लक्खीपुरा कॉलोनी में बुधवार शाम एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जूस के पैसे मांगने पर दो युवकों ने एक फल और जूस विक्रेता पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दुकानदार ने अपनी जान बचाने के लिए दुकान के भीतर छिपकर खुद को सुरक्षित किया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की मां वरीसा ने बताया कि उनका बेटा वाजिद लक्खीपुरा में फल और जूस की दुकान चलाता है। बुधवार शाम कॉलोनी निवासी दानिश और समीर उर्फ नेकर उसकी दुकान पर आए और जूस लिया। जब वाजिद ने उनसे जूस के पैसे मांगे, तो दोनों भड़क गए। उन्होंने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर पिस्टल निकालकर वाजिद पर कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। दुकानदारों ने तुरंत अपने शटर गिरा दिए, जबकि राहगीर और स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। वाजिद ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकान के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। उसे गोली नहीं लगी, लेकिन घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और लोहियानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। वाजिद की मां वरीसा ने थाने में दानिश और समीर उर्फ नेकर के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वे फरार मिले। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *