मेंहदावल में गरमाई सियासत, पूर्व-वर्तमान विधायक आमने-सामने:वर्तमान विधायक ने पूर्व पर डीएम प्रकरण पर साधा निशाना, बोले – पूर्व विधायक का नाम लेना भी पाप


संतकबीरनगर के मेंहदावल में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व और वर्तमान विधायक एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। श्रेय लेने की होड़ में दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। बता दे कि विकास कार्यों का श्रेय लेने के चक्कर में ही स्वर्गीय निवर्तमान सांसद शरद त्रिपाठी और निवर्तमान मेंहदावल विधायक राकेश सिंह बघेल में जूता कांड देखने को मिला था। एनडीए गठबंधन की निषाद पार्टी के मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी ने बिना नाम लिए पूर्व विधायक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 2019 के चर्चित “जूता कांड” की याद दिलाते हुए कहा कि “वह व्यक्ति उसी काबिल है।” विधायक ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र का विकास नहीं कराया, जबकि अब उनके द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। विधायक त्रिपाठी ने मेंहदावल शहर के संस्कार मंडप में मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि वह जल्द ही पूर्व विधायक से जुड़े कई मामलों का खुलासा करेंगे। जब मीडिया ने उनसे नाम पूछा, तो उन्होंने कहा, “उस व्यक्ति का नाम लेना भी पाप होगा।” अनिल त्रिपाठी ने एक अन्य आरोप में कहा कि एक मामले के कारण जिला अधिकारी (डीएम) आलोक कुमार भी मुश्किल में फंस गए हैं। इसके लिए भी उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व विधायक को ही जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, विधायक ने इस संबंध में कोई दस्तावेज या विस्तृत जानकारी सार्वजनिक साझा नहीं की। विधायक के इन बयानों के बाद मेंहदावल की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। उनके आरोपों को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विधायक जिन बड़े खुलासों का दावा कर रहे हैं, उन्हें कब और किस आधार पर सार्वजनिक करते हैं। वही पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल से जब उनका पक्ष जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम ने कई बार संपर्क किया, लेकिन उनका फोन नही उठा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *