![]()
जब हाथों में हुनर और आंखों में कुछ कर गुजरने की चमक हो, तो संसाधन कभी आड़े नहीं आते। ऐसा ही कुछ नजारा मर्चेंट्स चैंबर के हॉल में देखने को मिला, जहां ‘आशा की किरण फाउंडेशन’ के बच्चों ने अपनी परफॉर्मेंस से हर किसी को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। मौका था संस्था की ओर से आयोजित ‘मुस्कान उत्सव 2026’ का, जहां इन बच्चों की मासूमियत और कॉन्फिडेंस देखकर हॉल में मौजूद हर शख्स भावुक हो गया। फाउंडेशन के अलग-अलग शिक्षा केंद्रों में पढ़ने वाले इन बच्चों ने जब स्टेज संभाला, तो कोई नहीं कह सकता था कि ये वही बच्चे हैं जो कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसते थे। बच्चों ने डांस, नाटक और गानों के जरिए ऐसा समां बांधा कि दर्शकों की आंखें नम हो गईं। विधानसभा अध्यक्ष बोले- इन बच्चों को सिर्फ अवसरों की तलाश कार्यक्रम में बतौर अतिथि पहुंचे उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना बच्चों का टैलेंट देखकर खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने कहा कि समाज में छिपी इस प्रतिभा को निखारने का जो काम यह संस्था कर रही है, वह वाकई तारीफ के काबिल है। इन बच्चों को किसी की हमदर्दी नहीं, बल्कि आगे बढ़ने के लिए सही मौकों की जरूरत है। अगर इन्हें सही मंच मिले, तो ये अपने हर सपने को सच कर सकते हैं। इस दौरान शहर के कई जाने-माने चेहरे भी बच्चों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। इनमें विजय कपूर, विधायक सुरेंद्र मैथानी, सलील विश्नोई और नीलिमा कटियार शामिल रहे। सभी ने एक सुर में माना कि शिक्षा के जरिए ही इन बच्चों के जीवन में असली बदलाव लाया जा सकता है। मंच पर उतरी बच्चों की सतरंगी दुनिया उत्सव के दौरान बच्चों ने नाटकों के जरिए शिक्षा के महत्व को समझाया, तो वहीं देशभक्ति और लोक गीतों पर ऐसी शानदार डांस परफॉर्मेंस दी कि पूरा मर्चेंट्स चैंबर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों के चेहरों पर जो मुस्कान और आत्मविश्वास था, वही इस पूरे कार्यक्रम की असली सफलता थी। यह पूरा आयोजन संस्था के अध्यक्ष विपुल जैन की देखरेख में हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमोद पांडेय, वैष्णवी सक्सेना, ऋषभ जैन, अरुण जैन, अनिल जैन, निर्मला जैन, महेंद्र कटारिया, देवेंद्र डांग, राहुल जैन, कमलेश गुप्ता, अचिन अरोड़ा, पंकज गुप्ता के साथ-साथ अनुप जैन, अमोद जैन, वीरेंद्र गुलाटी और गोपाल दीक्षित ने रात-दिन एक कर दिया। आखिर में संस्था की टीम ने शहर के लोगों से मिले इस सपोर्ट के लिए सभी का शुक्रिया अदा किया और वादा किया कि बच्चों की पढ़ाई और उनके बेहतर कल के लिए यह मुहिम आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
Source link
मुस्कान उत्सव में चमके झुग्गी-झोपड़ी के सितारे:सतीश महाना बोले- बच्चों को सिर्फ एक मौके की जरूरत, संस्था बदल रही जिंदगी