गोंडा में बच्चों ने 4 दिन में बनाई अनोखी गुफा-पहाड़:अंदर विराजे राधा-कृष्ण, रंगीन चावल से बनाई रंगोली; फोटो लेने उमड़ रहे लोग


गोंडा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच मालवीय नगर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में बच्चों और मंदिर प्रशासन की मेहनत से बनाई गई अनोखी गुफा और पहाड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। गुफा के अंदर राधा रानी, भगवान कृष्ण समेत अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां विराजमान की गई हैं। इस गुफा और पहाड़ को बनाने में किसी मजदूर या कारीगर की मदद नहीं ली गई। बच्चों और मंदिर से जुड़े लोगों ने मिलकर चार दिन तक मेहनत की। 1 सितंबर से शुरू हुआ काम शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे पूरा हुआ। इसके बाद गुफा-पहाड़ को रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया। गुफा को देखने और उसके साथ फोटो लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर में शुक्रवार को देर रात 2 बजे तक जन्माष्टमी का कार्यक्रम चलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। चार दिन की मेहनत से तैयार हुई गुफा और पहाड़ मंदिर में हर साल बच्चों की ओर से कुछ नया करने की कोशिश की जाती है। इस बार बच्चों ने गुफा और पहाड़ बनाने का निर्णय लिया। 1 सितंबर से शुरू हुआ निर्माण कार्य चार दिन तक चला। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे इसे अंतिम रूप दिया गया। गुफा के अंदर राधा रानी, भगवान कृष्ण और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां सजाई गई हैं। बच्चों और मंदिर के लोगों ने मिलकर पूरे परिसर को आकर्षक रूप देने में मेहनत की है। रंगीन चावल से बनाई रंगोली, तिरंगे के आगे लिखा ‘राधे-राधे’ गुफा और पहाड़ की सजावट में भी बच्चों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई है। चावल को अलग-अलग रंगों में रंगकर रंगोली बनाई गई है। इसके साथ ही सजावटी फूल लगाए गए हैं। मंदिर परिसर में तीन रंगों से तिरंगा भी बनाया गया है। इसके आगे ‘राधे राधे’ लिखा गया है। गुफा, पहाड़ और सजावट को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। मंदिर संरक्षक बोले- बच्चों में हर साल कुछ नया करने की इच्छा मंदिर के संरक्षक रंजीत बाबा ने बताया कि बच्चों में हर साल जन्माष्टमी पर कुछ नया करने की इच्छा रहती है। इस बार भी बच्चों ने खुद पहल की और चार दिन की मेहनत से पवित्र गुफा और पहाड़ तैयार किया। अब यह लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। रात 2 बजे तक चलेगा जन्माष्टमी कार्यक्रम, सुरक्षा के इंतजाम श्री राधा कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी का कार्यक्रम रात करीब 2 बजे तक चलेगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर और आसपास के क्षेत्र में व्यवस्थाएं की गई हैं। गोंडा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि नगर क्षेत्र के कई प्रमुख मंदिरों में जन्माष्टमी के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सभी स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *