मुरादाबाद में जमीन विवाद में महिला-पुत्रवधू से मारपीट:धमकी देने वाला आरोपी अवैध तमंचे-कारतूस के साथ गिरफ्तार


मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव लालपुर गोसाई में जमीन विवाद को लेकर एक महिला और उसकी पुत्रवधू के साथ मारपीट की गई। पशुओं के लिए चारा काटने खेत पर गई महिलाओं को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक कृष्ण कुमार को अवैध तमंचे और कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना आज दोपहर करीब 12:30 बजे हुई, जब गांव निवासी महिला अपनी पुत्रवधू के साथ खेत पर चारा काटने गई थी। इसी दौरान गांव का ही कृष्ण कुमार वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि खेत पर पहुंचते ही कृष्ण कुमार ने महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो उसने दोनों के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद आरोपी कृष्ण कुमार वहां से भागने का प्रयास करने लगा। सूचना मिलने पर ठाकुरद्वारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस आरोपी को कोतवाली ले आई, जहां उससे गहन पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कृष्ण कुमार के खिलाफ मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *