![]()
भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी 60 वर्षीय महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
मृतका के पुत्र नौबत राम ने बताया कि शनिवार 18 जुलाई की रात उनकी 60 वर्षीय माँ भागवती के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें तत्काल सिरस्वा दोराहा स्थित एमआई हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां रात करीब दो बजे डॉ. मोहम्मद अली के परामर्श पर उन्हें उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में अनुभवी चिकित्सक उपलब्ध नहीं थे और उपचार में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी माँ की जान चली गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों में आक्रोश फैल गया। रविवार शाम परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन और हंगामा करने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही भोजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
भोजपुर पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मुरादाबाद में इलाज के दौरान महिला की मौत, हंगामा:फैमिली ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की मांग