![]()
मुजफ्फरनगर में सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में युवक न केवल अपनी जान जोखिम में डालते दिखाई दे रहे हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते नजर आ रहे हैं। कुछ वीडियो में युवक मॉडिफाइड बाइक पर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। बाइक के साइलेंसर इस तरह बदले गए हैं कि उनसे पटाखों जैसी तेज धमाकेदार आवाज निकल रही है। वहीं कुछ युवक बाइक को एक पैर के सहारे गोल-गोल घुमाते और खतरनाक करतब दिखाते नजर आ रहे हैं। यह सब गांधी नगर में स्थित बीजेपी कार्यालय के सामने व्यस्त सड़कों पर किया जा रहा है, जहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। वीडियो में कुछ युवक चलती कारों की खिड़कियों और छतों से बाहर लटकते भी दिखाई दे रहे हैं। कई युवक कारों की छतों और दरवाजों से बाहर झूलकर वीडियो बनवाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान न तो उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता दिखाई दे रही है और न ही सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ वीडियो में युवकों के हाथों में तलवारें भी दिखाई दे रही हैं। सड़क पर खुलेआम तलवार लहराते हुए वीडियो वाली ये हरकत लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। ऐसे दृश्य कानून व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो को लेकर लोग नाराजगी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी और हथियारों का प्रदर्शन किसी बड़े हादसे या अप्रिय घटना का कारण बन सकता है। आमजन ने ऐसे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आपको जानकर हैरत होगी कि ये सब रविवार की दोपहर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान हुआ, जिनके वीडियो शाम होते होते सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
Source link
मुजफ्फरनगर में तलवारें लहराईं, कारों से लटके युवक, VIDEO:शोभायात्रा में मॉडिफाइड बाइक से खतरनाक स्टंट, बाइक से पटाखों जैसी आवाज निकाली