बंदरों से बचने में छत से गिरी महिला:मुरादाबाद में छत से गिरकर मौत, गांव में 2-3 हजार बंदरों का आतंक


मुरादाबाद में बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में 58 वर्षीय महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना कुंदरकी थाना क्षेत्र के शेखुपुर खास गांव में रविवार सुबह करीब 10 बजे हुई। महिला छत पर बनी रसोई में चाय बनाने गई थी। इसी दौरान बंदरों का झुंड उसकी ओर दौड़ पड़ा। घबराकर जान बचाने के प्रयास में महिला अनियंत्रित हो गई और करीब 12 फीट नीचे आंगन में जा गिरी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए गांव में बढ़ते बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। पति के लिए चाय बनाने गई थीं सायरा बेगम मृतका की पहचान 58 वर्षीय सायरा बेगम के रूप में हुई है। वह रविवार सुबह अपने पति कल्लन के लिए चाय बनाने के लिए छत पर स्थित रसोई में गई थीं। ग्रामीणों के अनुसार, इसी दौरान अचानक बंदरों का एक बड़ा झुंड उनकी ओर दौड़ पड़ा। बंदरों को अपनी ओर आता देख सायरा बेगम घबरा गईं। जान बचाने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से करीब 12 फीट नीचे आंगन में गिर गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बोले ग्रामीण- छत पर जाने से भी डरते हैं लोग घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब 2 से 3 हजार बंदरों का आतंक है। हालात यह हैं कि लोग घरों की छतों पर जाने से भी डरते हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि बंदरों के हमलों और उनसे जुड़े हादसों में अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है। कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के आतंक को लेकर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से कई बार लिखित शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। आरोप है कि बंदरों को पकड़ने के लिए अब तक कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया। ग्रामीणों ने मृतका के परिवार के लिए न्याय की मांग की है। साथ ही प्रशासन से गांव को बंदरों के आतंक से स्थायी रूप से मुक्त कराने के लिए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *