गोंडा-बहराइच-नेपालगंज रोड पर ट्रेनें 31 अगस्त से चलेंगी:कल होगा स्पेशल ट्रेन से उद्घाटन,नियमित सेवा 1 सितंबर से;लाखों यात्रियों को राहत


गोंडा-बहराइच-नेपालगंज रोड रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन कल 31 अगस्त से शुरू होने जा रहा है यह बहुप्रतीक्षित सेवा गोंडा देवीपाटन मंडल क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए परिवहन को सुगम बनाएगी। उद्घाटन के लिए 31 अगस्त को एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जबकि नियमित ट्रेनों का संचालन 1 सितंबर से शुरू होगा। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा अभी तक नियमित ट्रेनों के संचालन के लिए कोई समय सारणी जारी नहीं की गई है। हालांकि, बहराइच तक जाने वाली ट्रेनों को अब नेपालगंज रोड तक बढ़ाया गया है। तीन से चार ट्रेनें होंगी जिनके माध्यम से यात्री नेपालगंज रोड तक यात्रा कर सकेंगे। गोंडा से वाया बहराइच होकर नेपाल सीमा नेपालगंज रोड तक जाने वाला यह ब्रॉडगेज रेल मार्ग लगभग एक वर्ष पहले ही बनकर तैयार हो चुका था। तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों के परीक्षण के बाद अब इसे आम जनता के लिए पूरी तरह हरी झंडी मिल गई है। इस रूट पर ट्रेनों के दौड़ने से सीमावर्ती क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था काफी सुलभ और आधुनिक हो जाएगी। यह नई रेल सेवा आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ धार्मिक और व्यापारिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण साबित होगी। भारत और नेपाल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की यात्रा अब बेहद सरल हो जाएगी।

श्रद्धालु सीधे गोंडा व बहराइच से नेपाल सीमा तक पहुँचकर भगवान पशुपतिनाथ और स्थानीय शक्तिपीठों के दर्शन का लाभ उठा सकेंगे। देवीपाटन मंडल मुख्यालय (गोंडा) और बहराइच के नागरिकों को नेपालगंज जाने के लिए अब सड़क मार्ग के लंबे और महंगे सफर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सीमावर्ती इलाकों में छोटे-बड़े व्यापारियों के लिए माल ढुलाई और व्यापारिक आवागमन सस्ता और तेज हो जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने रविवार दोपहर 12 बजे बताया कि 31 अगस्त, 2026 को चलने वाली 05064 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी उद्घाटन विशेष गाड़ी होगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, उद्घाटन के बाद ट्रेनों की नियमित समय-सारणी जारी कर दी जाएगी। इस रेल सेवा के शुरू होने से तराई और सीमावर्ती इलाकों में विकास की एक नई रफ्तार देखने को मिलेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *