![]()
मुज़फ़्फ़रनगर के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आर्यपुरी में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह आग एयर कंडीशनर के पाइप में खराबी के कारण भड़की। आग लगने से बिल्डिंग की पहली और दूसरी मंजिल प्रभावित हुईं। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि आग पहली और दूसरी मंजिल पर लगी थी। उन्होंने पुष्टि की कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग से मोबाइल एसेसरीज और पैकिंग सामग्री से संबंधित सामान को नुकसान पहुंचा है। अधिकारी ने यह भी बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने के कारण आग अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी। दुकान संचालक प्रदीप कुमार ने बताया कि उनकी मोबाइल एसेसरीज की दुकान बिल्डिंग में संचालित होती है। उन्होंने देखा कि एसी के पाइप की तरफ से अचानक आग निकल रही थी। प्रदीप कुमार के अनुसार, जब तक वे ऊपर पहुंचे, आग काफी फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि दुकान में अग्निशमन सिलेंडर मौजूद थे और आग बुझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर जाना मुश्किल हो गया। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
Source link
मुजफ्फरनगर में एसी पाइप फटने से बिल्डिंग में लगी आग:मोबाइल एसेसरीज की दुकान में हुआ नुकसान, दो दमकल गाड़ियों ने पाया काबू