बागपत में राज्य महिला आयोग सदस्य ने सुनीं शिकायतें:पॉर्न साइट्स बंद करने और बच्चों की परवरिश पर जोर


राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने बागपत पहुंचकर कलेक्ट्रेट सभागार में महिलाओं से संबंधित शिकायतें सुनीं। इस दौरान लगभग 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 से अधिक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मीनाक्षी भराला ने पॉर्न साइट्स को तत्काल बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी साइट्स का बच्चों के जीवन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है और आपराधिक मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने बागपत में 4 साल की बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना को भी इसी से जोड़ते हुए कहा कि अपराधी के पास निश्चित रूप से मोबाइल होगा और वह ऐसी सामग्री देख रहा होगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर पूरा ध्यान दें, उनकी अच्छी परवरिश करें और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें। इससे समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने में मदद मिलेगी। महिला आयोग की सदस्य ने मोबाइल फोन को ‘बम’ बताते हुए इसे बेहद खतरनाक बताया। उन्होंने दोहराया कि सभी पॉर्न साइट्स पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगना चाहिए और बच्चों की परवरिश पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। अखिलेश यादव की बेटी पर की गई अभद्र टिप्पणी पर बोलते हुए मीनाक्षी भराला ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन बेटियां सबकी होती हैं और किसी को भी उन पर उंगली उठाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने बताया कि ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, तब से बहू-बेटियां सड़कों और कार्यालयों में सुरक्षित हैं। मीनाक्षी भराला ने घरेलू हिंसा को रोकने के लिए समाज को जागरूक होने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षित होना चाहिए, अच्छी परवरिश होनी चाहिए और बहू-बेटी में कोई फर्क नहीं किया जाना चाहिए। इससे भविष्य में किसी भी बहू या बेटी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *