मुजफ्फरनगर में एक दिन में चार स्थानों पर आग:दमकल टीम रही अलर्ट, बिजली के केबिल से लेकर झाड़-फूंस और ट्रांसफार्मर में लगी आग


मुज़फ़्फ़रनगर में बढ़ती गर्मी के कारण आग लगने की घटनाओं में वृद्धि हुई है। शनिवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की चार घटनाएं सामने आईं, जिससे दमकल विभाग दिनभर अलर्ट रहा। पहली घटना दोपहर लगभग 1:45 बजे भोपा रोड स्थित ईवान हॉस्पिटल के पास हुई। यहां बिजली के केबिलों में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पाया। दूसरी घटना दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर छपार थाना क्षेत्र के बिजोपुरा के पास हुई। सड़क किनारे सूखी घास-फूस में भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिसे दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। शाम लगभग 7:30 बजे उसी स्थान पर दोबारा आग भड़कने की सूचना मिली। इस बार झाड़ियों से उठी आग ने पास के एक हरे-भरे पेड़ को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर पानी की बौछार कर आग बुझाई। दिनभर की घटनाओं से निपटने के बाद दमकल टीम जैसे ही झांसी की रानी स्थित फायर स्टेशन पहुंची, तभी रात करीब 8:20 बजे नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की बचन सिंह कॉलोनी की गली नंबर 9 में एक ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना मिली। दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया। इन लगातार हो रही घटनाओं से स्पष्ट है कि बढ़ती गर्मी और सूखी परिस्थितियां आग के खतरे को बढ़ा रही हैं। राहत की बात यह रही कि सभी घटनाओं में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *