![]()
मिर्जापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के हिनौता गांव में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रविश कुमार शुक्ल ने राजगढ़ थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह गांव स्थित शिव मंदिर गए थे। परिवार के अन्य सदस्य पहले से ही एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे।
दोपहर करीब 2:25 बजे जब रविश कुमार शुक्ल घर लौटे, तो उन्होंने मुख्य चैनल और कमरों के ताले टूटे हुए पाए। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था और उसमें रखे कीमती आभूषण गायब थे। पीड़ित के अनुसार, चोर दो सोने के हार, दो जोड़ी झुमके, चार कंगन, सात अंगूठियां, दो जोड़ी कान के टप्स, दो मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, पांच जोड़ी चांदी की पायल और 10 जोड़ी मीना सहित लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात ले गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम ने बताया कि चोरी का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Source link
मिर्जापुर में दिनदहाड़े 10 लाख के जेवर चोरी:परिवार शिव मंदिर गया था, चोरों ने खाली घर को निशाना बनाया