मिर्जापुर महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन:20 नवजात बच्चियों के नाम पर केक काटा, अभिभावक सम्मानित हुए


मिर्जापुर के जिला महिला चिकित्सालय में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार ने की। इस अवसर पर अस्पताल में जन्मी 20 नवजात बच्चियों के नाम पर केक काटा गया। उनके अभिभावकों को उपहार स्वरूप बेबी किट प्रदान की गईं। साथ ही, प्रसूताओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और नवजात बच्चियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिलाने के लिए चिन्हित किया गया। मुख्य अतिथि आनंद कुमार ने नवजात बच्चियों के अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की शक्ति हैं। उन्होंने बच्चियों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। कुमार ने यह भी कहा कि जिन परिवारों में बेटियां जन्म लेती हैं, वे सौभाग्यशाली होते हैं, क्योंकि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और देश के विकास में योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम के दौरान एक अभिभावक ने बच्चियों के विवाह संबंधी योजनाओं के बारे में प्रश्न पूछा। इस पर आनंद कुमार ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देकर इतना सक्षम बनाया जाना चाहिए कि उन्हें भविष्य में किसी सहायता की आवश्यकता न पड़े। महिला कल्याण विभाग की डॉ. मंजू यादव ने महिला एवं बालिका कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार सिंह ने नवजात शिशुओं के पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया। डॉ. जागृति ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं। महिला कल्याण विभाग की दिव्या जायसवाल, शालिनी देवी और नगीना सिंह ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टिकर, पंपलेट और बुकलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया। नवजात बच्चियों के नाम पर चिकित्सालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इस कार्यक्रम में एचओडी डॉ. वंदना मौर्य, मुख्य नर्स मनीषा, रेखा मौर्य, स्टाफ नर्सों सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और आमजन उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *