माता प्रसाद पांडेय बोले- बीजेपी के दबाव में मदरसा गिराया:हाईकोर्ट जाने का मौका नहीं मिला, सपा प्रदर्शन करेगी


सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में पिपरा रामलाल गांव की अरबिया जियाउल उलूम मदरसे को मंगलवार सुबह प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। सपा नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई को भाजपा के दबाव में आकर की गई है। हाईकोर्ट जाने का मौका नहीं देने का आरोप सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि मदरसा कमेटी की फाइल खारिज होने के बाद उसे हाईकोर्ट जाने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर नोटिस दिया जाता तो कमेटी उच्च न्यायालय का रुख कर सकती थी और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई टाली जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन ने मदरसा और मस्जिद को गिराने का पहले ही मन बना लिया था और इसी के तहत कार्रवाई की गई। ‘भाजपा के दबाव में कार्रवाई की’ माता प्रसाद पांडेय ने आरोप लगाया कि मदरसे का ध्वस्तीकरण भाजपा के दबाव में कराया गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले को लेकर प्रदर्शन करेगी और कार्रवाई के खिलाफ न्यायालय का भी रुख करेगी। 6 जेसीबी और भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा प्रशासन मंगलवार सुबह करीब 7 बजे प्रशासन की टीम पिपरा रामलाल गांव पहुंची। छह जेसीबी मशीनों के साथ बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इसके बाद मदरसा भवन का ध्वस्तीकरण शुरू किया गया। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। 1968 में हुआ था मदरसे का निर्माण अरबिया जियाउल उलूम मदरसे का निर्माण वर्ष 1968 में हुआ था। यहां करीब 400 बच्चे उर्दू की शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। मदरसा प्रबंधन का दावा है कि संस्था वक्फ बोर्ड में पंजीकृत है, हालांकि उसे सरकार से मान्यता प्राप्त नहीं थी। मदरसे की जमीन को लेकर चकबंदी विभाग में भी मुकदमा चल रहा था। जमीन के रिकॉर्ड में संचालक का नाम दर्ज होने का दावा मदरसे की देखरेख कर रहे ग्राम प्रधान एवं व्यवस्थापक इरशाद अहमद ने बताया कि जमीन के अभिलेखों में मदरसा संचालक अब्दुल सलाम का नाम दर्ज है। उन्होंने कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डुमरियागंज विधायक सैय्यदा खातून, सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव, सपा नेता कमाल अहमद खान समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *