![]()
महोबा के खन्ना थाना क्षेत्र के ग्योडी गांव में शुक्रवार को सीओह नदी में नहाते समय 17 वर्षीय किशोर सत्यम डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और किशोर की तलाश शुरू की। जानकारी के अनुसार, ग्योडी गांव निवासी संजय का बेटा सत्यम अपने दोस्तों राधे, हिमांशु, दीपेश और छोटे भाई शंकर के साथ सीओह नदी में नहाने गया था। नदी में कूदते ही वह गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया। सत्यम को डूबता देख उसके दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। उन्होंने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद खन्ना थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन का जायजा लिया। किशोर की तलाश के लिए जालौन से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम, मौदहा से फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय गोताखोर नदी में जाल डालकर लगातार खोजबीन कर रहे हैं। हालांकि, नदी में पानी का स्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सत्यम अपने पिता के पांच बच्चों में दूसरे नंबर पर था।
Source link
महोबा में नदी में डूबा 17 वर्षीय किशोर:SDRF और पुलिस की टीम तलाश में जुटी, दोस्तों साथ नहाने आया था