![]()
महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के पचपहरा स्थित चौधरी ग्रेनाइट क्रशर प्लांट में बिना वैध रॉयल्टी और आवश्यक दस्तावेजों के गिट्टी व डस्ट लोड कराने का मामला सामने आया है। खनिज विभाग की छापेमारी में अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद क्रशर संचालक सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। खान निरीक्षक जितेश कुमार ने बताया कि 10 जून की रात करीब 10:30 बजे पुलिस बल के साथ जांच के लिए निकले थे। रास्ते में एक गिट्टी लदे ट्रक को रोका गया, जिसके चालक रामबाबू के पास कोई वैध दस्तावेज, जैसे खनिज रॉयल्टी, फॉर्म-सी, कांटा पर्ची या बिल नहीं थे। चालक ने बताया कि वह गिट्टी चौधरी ग्रेनाइट क्रशर प्लांट, गुगौरा चौकी से लोड कराकर ला रहा था। इसके बाद खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम क्रशर प्लांट पहुंची। वहां कई वाहनों में गिट्टी और डस्ट लदी मिली। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ वाहनों के चालान पहले से लंबित थे, फिर भी उन पर दोबारा खनिज लोड किया गया था। टीम को देखते ही कुछ चालक वाहनों से गिट्टी और डस्ट गिराकर मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों का मॉनीटर बंद पाया गया और डीवीआर कक्ष में ताला लगा हुआ था। छापेमारी की सूचना मिलते ही क्रशर प्लांट का मुनीम भी अपना कमरा बंद कर भाग गया। मौके पर मौजूद अभिलेखों की जांच से पता चला कि खनिज भंडारण का लाइसेंस खेमचंद्र, प्रोपराइटर प्रिंसी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स, ग्राम गुगौरा के नाम स्वीकृत है। निरीक्षण के दौरान भंडारण स्थल पर 525 घनमीटर गिट्टी और 910 घनमीटर डस्ट पाई गई। विभाग ने क्रशर प्लांट और मौके पर मिले खनिज भंडार को सीज कर दिया है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर क्रशर संचालक, मुनीम, ट्रक चालक सहित पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Source link
महोबा में खनिज टीम ने क्रशर प्लांट पर छापा मारा:बिना रॉयल्टी गिट्टी-डस्ट लोड कराने पर पांच पर FIR