महराजगंज में दूसरे दिन टीईटी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट:सुरक्षा के बीच 20 परीक्षा केंद्रों पर एग्जाम, CCTV से निगरानी


महराजगंज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के दूसरे दिन शुक्रवार को महराजगंज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन माहौल में संपन्न कराई जा रही है। जिला प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले में कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पांच पालियों में 37,814 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की कई चरणों में सघन जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी लेने के बाद अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन, प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र का मिलान किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि परीक्षा के पहले दिन करीब 1,900 से अधिक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे, जबकि शेष अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दी। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परीक्षा में शामिल हुए। जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा समाप्त होने तक सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *