![]()
महराजगंज के निचलौल स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों भक्तों ने सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। सावन के अंतिम सोमवार के प्रति श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। सुबह से देर शाम तक भक्तों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन के साथ जलाभिषेक और दर्शन की व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया। भक्तों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, बिजली, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए थे। 47 सीसीटीवी कैमरों निगरानी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन विशेष रूप से सतर्क रहा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 47 सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई। पुलिस और प्रशासनिक टीमें मंदिर परिसर में लगातार गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लेती रहीं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सावन के चारों सोमवार को इटहिया धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। पहले सोमवार से शुरू हुआ आस्था का यह क्रम चौथे सोमवार को अपने चरम पर पहुंच गया। उमड़ी भीड़ ने इटहिया धाम की धार्मिक लोकप्रियता और आस्था को दर्शाया। पूरे सावन मास के दौरान पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। अंतिम सोमवार पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
Source link
महराजगंज में चौथे सोमवार उमड़ा आस्था का सैलाब:पंचमुखी शिव मंदिर में हजारों ने किया जलाभिषेक, 47 कैमरों से निगरानी