![]()
ललितपुर जिले के जखौरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। विवाद के एक मामले में मेडिकल परीक्षण कराने पहुंचे मरीजों को मंगलवार को करीब सात घंटे तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन रात 9 बजे तक उनका मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका। जानकारी के अनुसार, पुलिस कार्रवाई के लिए मेडिकल परीक्षण आवश्यक था। पीड़ित पक्ष मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे सीएचसी पहुंच गया था। लंबे इंतजार के बावजूद चिकित्सकीय परीक्षण नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी रही।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें घंटों परेशान होना पड़ा। उनका कहना है कि समय पर मेडिकल परीक्षण न होने से आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जखौरा सीएचसी में इस तरह की लापरवाही पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी समय पर उपचार और मेडिकल परीक्षण न होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। उनका कहना है कि मेडिकल परीक्षण में देरी से पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिससे पीड़ितों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। पीड़ित पक्ष ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. समीर प्रधान से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
Source link