मथुरा में 25 लाख की टप्पेबाजी-कार से नकदी उड़ाई:बदमाश बोले- गाड़ी से तेल टपक रहा है, गाड़ी रोकने पर पार की रकम


मथुरा में बेटी की शादी के लिए 25 लाख रुपये लेकर जा रहे प्लाईवुड कारोबारी के कर्मचारियों को बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में शिकार बना लिया। बाइक सवार बदमाशों ने कार के पास आकर कहा- गाड़ी के इंजन से तेल रिस रहा है। चालक ने जैसे ही कार रोककर बोनट खोला, बदमाशों ने कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और कार में रखा 25 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात सोमवार शाम करीब 7 बजे थाना हाईवे क्षेत्र में राधा वैली के पास हुई। चंद्रिका प्लाईवुड के मालिक नीलेश अग्रवाल ने बताया कि उनकी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही हैं। इसी सिलसिले में 25 लाख रुपये गोविंद नगर निवासी उनके साढ़ू सुनील बंसल के पास भेजे जा रहे थे। कार में चालक रमेश के अलावा कर्मचारी सुनील और मेघश्याम भी सवार थे। ‘इंजन से तेल रिस रहा है’, कहकर रुकवाई कार पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार बदमाश पहले से ही कार पर नजर रखे हुए थे। उन्होंने चालक से कहा कि गाड़ी के इंजन से तेल रिस रहा है। चालक ने कार रोककर बोनट खोल लिया और इंजन देखने लगा। इसी दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और कार में रखा नकदी से भरा बैग उठाकर फरार हो गए। कुछ सेकेंड में हुई वारदात चालक और कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते, बदमाश मौके से निकल चुके थे। बैग गायब होने का पता चलते ही कर्मचारियों ने शोर मचाया और कारोबारी नीलेश अग्रवाल को सूचना दी। इसके बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सूचना मिलते ही एसपी सिटी राजीव कुमार, सीओ प्रवीन कुमार तिवारी और थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चालक व कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित टप्पेबाजी की वारदात माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *