मथुरा में दो साइबर ठग गिरफ्तार:फर्जी सिम, आधार कार्ड और तमंचा बरामद


मथुरा के थाना शेरगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से फर्जी सिम कार्ड, कूटरचित आधार कार्ड की प्रतियां, मोबाइल फोन तथा एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। थाना शेरगढ़ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर जंघावली पुलिया के पास बने एक मकान के बाहर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोहेल (20) पुत्र फकरू निवासी नोगांव थाना जुरहेरा, जिला डींग (राजस्थान) तथा अरबाज (19) पुत्र हकमुद्दीन निवासी ग्राम जघांवली थाना शेरगढ़, मथुरा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित करते थे। वे मोबाइल फोन में ओएलएक्स और अन्य एप डाउनलोड कर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। इसके अलावा, फ्रेंड सर्च एप के जरिए लोगों के मोबाइल नंबर एकत्र कर उनसे संपर्क करते और रोजगार उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी करते थे। ठगी से प्राप्त धनराशि को फर्जी यूपीआई खातों में मंगाकर विभिन्न ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, सोहेल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, तीन फर्जी सिम कार्ड, दो कूटरचित आधार कार्ड की प्रतियां तथा एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, अरबाज के पास से एक मोबाइल फोन, तीन फर्जी सिम कार्ड और दो कूटरचित आधार कार्ड की प्रतियां मिलीं। जांच में यह भी पता चला कि सोहेल के मोबाइल के आईएमईआई नंबर और उसके खाते के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर पहले से कई शिकायतें दर्ज हैं। थाना प्रभारी अजय किशोर ने बताया कि दोनों आरोपी संगठित तरीके से साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। उनके पास से बरामद मोबाइल, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। मामले में कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *