![]()
मुज़फ्फरनगर में बढ़ती गर्मी और बिजली व्यवस्था पर बढ़ते दबाव के बीच विद्युत विभाग ने बिजली चोरों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। मंगलवार देर रात विभाग की कई टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में आकस्मिक छापेमारी कर बिजली चोरी की जांच की। इस दौरान कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने वालों को चिन्हित किया गया। अधिशासी अभियंता नगरीय सागरमल ने बताया कि विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली का उपयोग कर रहे हैं और एसी समेत अन्य भारी विद्युत उपकरण चला रहे हैं। इससे बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इसी को देखते हुए पूरे शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय टीमों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में रातभर निरीक्षण किया गया। जहां भी बिजली चोरी की शिकायत या आशंका मिली, वहां तत्काल जांच की गई। अभियान के दौरान विभाग ने जागरूकता पर भी जोर दिया। एक वाहन के माध्यम से शहर में लाउडस्पीकर से बिजली चोरी न करने की अपील और चेतावनी का प्रसारण कराया गया। लोगों को बताया गया कि बिजली चोरी दंडनीय अपराध है और पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है। विद्युत विभाग का कहना है कि बिजली चोरी रोकना अब प्राथमिकता बन चुका है और आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली उपयोग करने की अपील की है।
Source link
रात में उतरी बिजली विभाग की ‘स्पेशल फोर्स’:मुजफ्फरनगर में कटिया डालकर AC चलाने वालों पर शिकंजा, रातभर सघन चेकिंग