मथुरा में ट्रैफिक का ब्रेकडाउन:भीषण जाम में घंटों फंसा शहर, एंबुलेंस भी रुकी; यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल


मथुरा में शनिवार देर शाम यातायात व्यवस्था चरमरा गई। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भीषण जाम लग गया, जिससे आम लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही, जिससे मरीज की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई। क्वालिटी चौराहा, बीएसए रोड, भूतेश्वर तिराहा, आगरा-दिल्ली बाईपास और गोवर्धन चौराहा जैसे व्यस्त इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। जाम का असर गोवर्धन रोड से लेकर दिल्ली-आगरा हाईवे तक रहा, जहां यातायात पूरी तरह से धीमा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाम के बीच एक एंबुलेंस काफी देर तक फंसी रही। लोगों ने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जाम में एंबुलेंस का फंसना मरीज की जान के लिए खतरा बन सकता है। जाम में फंसे लोगों ने मौके पर यातायात पुलिस की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए। कई लोगों ने पुलिसकर्मियों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन समय पर कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं दिखी। स्थानीय नागरिकों ने शहर में बढ़ते यातायात दबाव के बावजूद ठोस ट्रैफिक प्रबंधन की कमी पर नाराजगी जताई। देर रात पुलिस के पहुंचने के बाद यातायात को सुचारू करने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ चुकी थी। शहरवासियों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन और आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *