मथुरा ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास:चोर जंगला तोड़कर घुसे, तिजोरी काटने में विफल रहे


मथुरा के फरह कस्बे में परखम चौराहा के पास स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में रविवार सुबह करीब 4 बजे के बाद चोरी का प्रयास किया गया। अज्ञात चोरों ने बैंक के पीछे का जंगला तोड़कर प्रवेश किया। उन्होंने ग्राइंडर का उपयोग कर कैश रूम का दरवाजा काटा और फिर तिजोरी को काटने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। चोर जाते समय बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। बैंक मैनेजर रजत चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को बैंक बंद करने के बाद वह घर चले गए थे। शनिवार की छुट्टी के कारण रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बैंक के बगल में स्थित जनसेवा केंद्र के संचालक माधव उपाध्याय ने उन्हें जंगला टूटे होने की सूचना दी। मैनेजर लगभग 11 बजे बैंक पहुंचे और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फरह थाना पुलिस और फॉरेंसिक यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बैंक मैनेजर के अनुसार, चोर बैंक के बराबर स्थित खाली प्लॉट से पीछे की ओर पहुंचे और जंगला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने तिजोरी काटने का काफी प्रयास किया, लेकिन तिजोरी मजबूत होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना के संबंध में बैंक प्रबंधन की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ फरह थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। थाना फरह के प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने बताया कि डायल 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया यह घटना शनिवार रात की प्रतीत हो रही है। पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों के आधार पर पता चला है कि पुलिस की गश्त करीब 4:30 बजे तक क्षेत्र में थी, जिसके बाद ही चोरी की वारदात होने की संभावना है। थाना प्रभारी ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी देखे जा रहे हैं करीब एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी हो के माध्यम से अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *