आजमगढ़ में सपा नेता अबू आसिम आजमी:बोले- गाय काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, एनकाउंटर पर साधा निशाना


समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी रविवार देर रात को आजमगढ़ के कुर्मी टोला स्थित निजामाबाद के दिवंगत विधायक आलम बदी आजमी के आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत नेता को सादगी की मिसाल बताते हुए कहा कि ऐसे नेता आज के दौर में बहुत कम देखने को मिलते हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए सपा नेता अबू आसिम आजमी ने उत्तर प्रदेश सरकार की एनकाउंटर नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर कार्रवाई संविधान और कानून के दायरे में होनी चाहिए। प्रदेश में जिस तरह एनकाउंटर के नाम पर कार्रवाई हो रही है। वह एनकाउंटर नहीं बल्कि मर्डर है। सपा नेता का कहना था कि वास्तविक एनकाउंटर तभी माना जाएगा। जब अपराधी पुलिस पर हमला करे। रामपुर के पुलिस कप्तान द्वारा गोकशी के मुद्दे पर दिए गए बयान पर सपा नेता अबू आजमी का कहना है कि गाय काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों को फांसी दी जानी चाहिए। गाय को गौ माता का दर्जा दिया गया है तो यह कानून केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में समान रूप से लागू होना चाहिए। गोवा और उत्तर पूर्वी राज्यों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी इस विषय पर समान नीति होनी चाहिए। पार्टी नेतृत्व तय करेगी गठबंधन
एआईएमआईएम के साथ चुनावी गठबंधन की संभावना पर उन्होंने कहा कि फिलहाल गठबंधन मजबूत है। और सरकार बनने का पूरा भरोसा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी दल से गठबंधन होगा या नहीं, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर टिप्पणी करते हुए अबू आसिम आजमी ने कहा कि वह उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते और उन पर विश्वास नहीं करते। ओमप्रकाश राजभर छोटे आदमी हैं। इस अवसर पर सपा जिला अध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम करेली सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *