मकान बेचने से नाराज पत्नी-बच्चों ने मार डाला:रायबरेली में हत्या के बाद आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 4 टीम बनाईं


रायबरेली में बुधवार सुबह 9 बजे मकान बेचने से गुस्साई पत्नी और दो बेटों ने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद मां दोनों बेटों को लेकर फरार हो गई। पुलिस ने बुजुर्ग को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर खीरों थाना क्षेत्र का है। कान्हामऊ गांव के रहने वाले आसाराम पाल (52) खेती करते थे। उनका गांव में एक पुराना मकान बना है। इस टाइम खेत में एक मकान बनाकर रह रहे थे। खेत वाले मकान में 3 कमरे बने हैं। एक कमरे में आसाराम, जबकि दो कमरों में पत्नी शशि देवी और बेटे रोहित, गौरव रहते थे। आसाराम नशे का आदी था, जिसको लेकर पत्नी औ बच्चों से विवाद था। नशे का आदी होने की वजह से आसाराम गांव में आबादी के बीच बना पुराना मकान गांव के व्यक्ति को बेच दिया था। इसके अलावा जमीन बेचने की भी बात करता था। इस बात पर पत्नी और बच्चे अलग रहते थे। आबादी में बने पुराने मकान को बेचने की जानकारी जब पत्नी और बेटों को मिली, तो वे नाराज हो गए। इसी बात को लेकर आसाराम और उनकी पत्नी और बेटों के बीच कहासुनी हुई। विवाद होने पर आसाराम ने खेत बेचने की भी धमकी दी। विवाद बढ़ने पर शशि देवी, रोहित और गौरव ने आसाराम पर लाठी-डंडों से हमला किया। मारपीट में आसाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। घंटों बाद भी एंबुलेंस नहीं आई, तो पुलिस अपनी जीप से उन्हें तुरंत खीरों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि आसाराम जिस मकान में रहते थे, उसके आसपास कोई दूसरा मकान नहीं है। इस समय घर में ताला लगा हुआ है। घटना के बाद आरोपी पत्नी और दोनों बेटे फरार हैं। पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई हैं। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *