![]()
मऊ पुलिस लाइन के सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक इलामारन जी की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था और अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह बैठक आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। इस गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक अनुप कुमार सहित सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान, एसपी ने अपराध और कानून व्यवस्था के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को छोटी-छोटी घटनाओं पर भी विशेष नजर रखने और तत्काल विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। गंभीर घटना होने पर तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण करने और उच्चाधिकारियों को जानकारी देने को कहा गया। जनशिकायतों और आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से और अतिशीघ्र करने के निर्देश दिए गए, साथ ही मौके का भ्रमण अनिवार्य बताया गया। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पैदल गश्त और पिकेट व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बीट व्यवस्था प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। गोवध और अवैध मद्य निष्कर्षण, बिक्री व परिवहन के मामलों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा/गैंगस्टर अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। संभावित क्षेत्रों में निरंतर चेकिंग और दबिश की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए। लूट की घटनाओं को रोकने के लिए पूर्व में संलिप्त अपराधियों का अभियान चलाकर सत्यापन करने और उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जमीन संबंधी विवादों के समाधान के लिए राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर मौके पर जाकर समाधान कराने को कहा गया। महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सभी थानों को पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराने का निर्देश दिया गया। संपूर्ण समाधान तहसील/थाना दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण 05 दिनों के भीतर करने को कहा गया। आगामी त्योहारों के अवसर पर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर गश्त और पिकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखने और अफवाहों का अतिशीघ्र खंडन करने को कहा गया। संगठित अपराध और अपराधियों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
Source link
मऊ SP ने ईद सुरक्षा पर की बैठक:पुलिस लाइन में समीक्षा कर छोटी-बड़ी घटनाओं पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश