नितिन कुमार अवस्थी | मिर्जापुर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मिर्जापुर में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बिरोही और गैपुरा के बीच तीसरी रेल लाइन का निर्माण पूरा हो गया है। पूर्वोत्तर परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) प्रणजीव सक्सेना ने शुक्रवार दोपहर को इस नवनिर्मित रेल लाइन का संरक्षा निरीक्षण किया। इस लाइन के चालू होने से ट्रेनों की गति बढ़ेगी और संचालन सुगम होगा।
निरीक्षण के दौरान ट्रैक, सिग्नल प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, ओवरहेड विद्युत उपकरण और दूरसंचार प्रणाली की गहन जांच की गई। सीआरएस सक्सेना ने मोटर ट्रॉली से पूरी रेल लाइन का जायजा लिया और गैपुरा स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का परीक्षण किया।

इसके बाद, गैपुरा से बिरोही के बीच एक डीजल इंजन से स्पीड ट्रायल किया गया। इस ट्रायल के माध्यम से ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षित संचालन क्षमता का आकलन किया गया। इस निरीक्षण में उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें भी मौजूद रहीं, जिन्होंने विभिन्न प्रणालियों का प्रदर्शन किया और सुरक्षा मानकों की जानकारी दी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सीआरएस की स्वीकृति मिलने के बाद इस तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। नई लाइन के शुरू होने से इस व्यस्त रेल मार्ग की क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही अधिक सुगम और समयबद्ध हो सकेगी।
