उद्योग-व्यापार की सुरक्षा पर पुलिस का फोकस:ई-रिक्शा जाम और कांवड़ यात्रा पर बनी रणनीति, एसपी सिटी ने समीक्षा की


बुलंदशहर में औद्योगिक और व्यापारिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से 24 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन सभागार में ‘उद्योग व्यापार बंधु’ की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। शाम 5 बजे शुरू हुई इस बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय ने की। बैठक में जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के उद्यमी, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और संबंधित प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय ने औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को औद्योगिक इकाइयों और बाजारों की सुरक्षा चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। एएसपी अजेय ने गश्त बढ़ाने पर जोर दिया ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास पैदा हो सके। उन्होंने साइबर अपराध और धोखाधड़ी से बचाव के लिए व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने को भी कहा। बैठक में व्यापारियों ने शहर में ई-रिक्शा की अनियंत्रित आवाजाही और उससे लगने वाले जाम पर चिंता व्यक्त की। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने यातायात पुलिस को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के संचालन के लिए यातायात व्यवस्था को तुरंत सुचारु किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। एएसपी सिटी ने कांवड़ मार्ग पर रूट डायवर्जन, सुरक्षा बलों की तैनाती और श्रद्धालुओं व आम नागरिकों की सुविधा के लिए पुख्ता यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार शाही सहित संबंधित विभागों के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *