![]()
मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में एक नाबालिग मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मां के धान की रोपाई के लिए खेत जाने के दौरान तीन युवकों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 जून को वह धान की रोपाई के लिए खेत गई थी। इसी दौरान गांव के तीन युवक उनके घर में घुस आए और उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी के साथ दुष्कर्म किया। बेटी की मानसिक स्थिति सामान्य न होने के कारण वह विरोध नहीं कर पाई। मां के घर लौटने पर बेटी ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार की देखरेख में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने संदिग्धों की निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़िता की मां की तहरीर पर दोहरीघाट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 126/2026 के तहत धारा 70(2) बीएनएस और 4/5K पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 13 जून को मुखबिर की सूचना पर नहर पुलिया के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सुहेल उर्फ कल्लू पुत्र हरेंद्र और विशाल पुत्र अच्छेलाल, निवासी गोठा गौतम नगर, थाना दोहरीघाट के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। तीसरे नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपियों को कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन किया जा रहा है। मामले की विवेचना प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।
Source link
मऊ में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म:मां की अनुपस्थिति में घर में घुसकर वारदात, दो आरोपी गिरफ्तार