पूर्व पार्षद के लड़के को पुलिस ने गिरफ्तार किया:‘दो थप्पड़ में जमीन पर सुला दूंगा; इंस्टाग्राम पर पार्षद प्रतिनिधि को धमकी देने का आरोप


गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बरगदवा के विकास नगर जप्ती टोला के रहने वाले रजत चौधरी के रूप में हुई है। रजत के खिलाफ राप्तीनगर निवासी पूर्व उपसभापति एवं पार्षद प्रतिनिधि बृजेश सिंह उर्फ छोटू की तहरीर पर शुक्रवार को शाहपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने का आरोप
बृजेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि रजत चौधरी राजनीतिक विरोधियों के साथ मिलकर उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर रहे हैं। आरोप है कि 10 सितंबर को रजत ने इंस्टाग्राम पर बृजेश सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की थी। इसमें उन्हें दो थप्पड़ में जमीन पर सुला देने जैसी धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पोस्ट के बाद लोगों के फोन आने की बात
तहरीर के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पोस्ट प्रसारित होने के बाद बृजेश सिंह के पास कई लोगों के फोन आए। उन्होंने पुलिस को बताया कि पोस्ट के जरिए उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का भी आरोप
बृजेश सिंह ने तहरीर में सोशल मीडिया पर जातिसूचक शब्दों और हिंदू धर्म के अपमान से जुड़ी आपत्तिजनक पोस्ट करने का भी आरोप लगाया है। इसके साथ ही फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि इस तरह की गतिविधियों से उन्हें और उनके परिवार को खतरा है।
बृजेश सिंह की पत्नी वर्तमान में उपसभापति
बृजेश सिंह नगर निगम में कई बार पार्षद और उपसभापति रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी नगर निगम की उपसभापति होने के साथ राप्तीनगर की पार्षद हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपी रजत चौधरी पूर्व पार्षद जनार्दन चौधरी का बेटा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शाहपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी रजत चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *