मथुरा में बाइक की टक्कर से निजी गार्ड की मौत:चालक फरार, पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की


मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क पार कर रहे एक निजी सुरक्षा गार्ड की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 65 वर्षीय रामदयाल पुत्र केवल सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से एटा जिले के जलेसर क्षेत्र स्थित दौलतपुर गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में पुष्प विहार कॉलोनी में रहकर एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहे थे। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे रामदयाल ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। पन्नापोखर चौकी क्षेत्र में किरण हॉस्पिटल के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने घायल रामदयाल को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों ने जताई नाराजगी मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घायल को समय पर उचित उपचार नहीं मिला। हालांकि इस संबंध में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आधार कार्ड से हुई पहचान घटना की सूचना मिलने पर थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी। बाइक जब्त, चालक की तलाश जारी आनंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *