भीम आर्मी ने जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया:राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; पेपर लीक और लाठीचार्ज की जांच की मांग


बांदा में भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पेपर लीक, भर्ती घोटालों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए इन मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित होने का आरोप ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि NEET, JEE, SSC, रेलवे, पुलिस और शिक्षक भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इससे छात्रों का परीक्षा प्रणाली और शासन-प्रशासन पर भरोसा कमजोर हुआ है। जंतर-मंतर लाठीचार्ज की जांच कराने की उठाई मांग भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों पर हुआ कथित पुलिस लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन है। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय न्यायिक या किसी स्वतंत्र एजेंसी से समयबद्ध जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुकदमे वापस लेने और शिक्षा माफियाओं पर कार्रवाई की मांग ज्ञापन में आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने की मांग भी की गई। साथ ही पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल कथित शिक्षा माफियाओं एवं दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, उनकी संपत्तियां जब्त करने तथा परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित, समयबद्ध और जवाबदेह बनाने की मांग उठाई गई। ‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’ भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला अध्यक्ष मनोज रुस्तम ने कहा कि देश का युवा भारत की सबसे बड़ी ताकत है और उसके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर करोड़ों छात्र-छात्राओं को न्याय दिलाने और शिक्षा व भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार सुनिश्चित करने की अपील की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *