![]()
चित्रकूट जिले में भारी बारिश और बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का आकलन शुरू हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी ने विकासखंड कर्वी के भरथौल गांव पहुंचकर प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर फसल बीमा योजना की जानकारी दी और राजस्व विभाग को खेतों का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन किसानों ने अभी तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल का बीमा नहीं कराया है, वे निर्धारित नियमों के अनुसार बीमा करा सकते हैं। वहीं, जिन किसानों ने बीमा कराया है और प्राकृतिक आपदा से फसल खराब हुई है, उन्हें 72 घंटे के भीतर संबंधित बैंक, बीमा कंपनी, उप कृषि निदेशक कार्यालय या टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देनी होगी। उन्होंने बताया कि सूखा, बाढ़, जलभराव, तूफान, ओलावृष्टि, चक्रवात, प्राकृतिक आग, कीट और रोग से फसल को होने वाला नुकसान बीमा योजना में शामिल है। किसानों से नुकसान की जानकारी तय समय सीमा में देने की अपील की गई।
जिले में अब तक फसल बीमा कराने वाले किसानों की ओर से नुकसान से संबंधित 460 आवेदन मिले हैं। इनमें से बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों ने 257 मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया है। बाकी मामलों में भी नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद पात्र किसानों को नुकसान की भरपाई की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चित्रकूट, एसडीएम कर्वी, उप कृषि निदेशक, ग्राम प्रधान, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, कृषि विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिया कि फसल नुकसान का पारदर्शी तरीके से आकलन कर नियमानुसार सहायता दी जाएगी।
Source link
बाढ़ और बारिश से फसलों के नुकसान का सर्वे शुरू:डीएम ने खेतों का किया निरीक्षण, 460 किसानों ने दर्ज कराई फसल नुकसान की शिकायत