भदोही में सड़क हादसा सीसीटीवी में कैद:कार ने बाइक को मारी टक्कर, 20 मीटर दूर जा गिरा युवक, दाहिना पैर कटकर अलग


भदोही में कुसीयरा मार्ग पर 9 अगस्त की सुबह हुए सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। फुटेज में तेज टक्कर के बाद बाइक सवार रोहित गौतम करीब 20 मीटर दूर जाकर गिरता दिखाई दे रहा है। हादसे में उसका दाहिना पैर गंभीर रूप से कटकर अलग हो गया। घायल सड़क पर काफी देर तक तड़पता रहा और लोगों से अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाता रहा। वीडियो में कई लोग घटनास्थल से गुजरते नजर आ रहे हैं, लेकिन तत्काल मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। करीब 20 मिनट बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। सुबह 6:32 बजे हुआ हादसा घटना रजपुरा चौकी क्षेत्र के कुसीयरा मार्ग पर सुबह करीब 6:30 से 6:32 बजे के बीच हुई। पुलिस के अनुसार, बाइक संख्या UP65 EY 7950 पर हिम्मतपुर बकुचिया निवासी रोहित गौतम और उधवा माफी निवासी हैपी यादव सवार थे। इसी दौरान कार संख्या UP66 Q 9199 से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार रोहित उछलकर करीब 20 मीटर दूर जा गिरा। हादसे में उसका दाहिना पैर गंभीर रूप से कटकर अलग हो गया। वहीं हैपी यादव भी घायल हुआ। सड़क पर तड़पता रहा रोहित, मदद की गुहार लगाता रहा हादसे के बाद रोहित सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा रहा। सीसीटीवी फुटेज में वह दर्द से तड़पता और लोगों से अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। इस दौरान कई राहगीर वहां से गुजरते दिखाई दिए। परिजनों के मुताबिक, करीब 20 मिनट बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल रोहित को अस्पताल लेकर गए। बीएचयू रेफर, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज पुलिस ने दोनों घायलों को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। रोहित की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया। हालांकि, परिजनों ने उसे भदोही के जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। कार चला रहा था 15 साल का नाबालिग कोतवाली प्रभारी शैलेष कुमार राय ने बताया कि कार 15 वर्षीय हारून पुत्र नुस्तर अली खान चला रहा था। कार उसके पिता के नाम दर्ज है। पुलिस ने नाबालिग चालक को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ले ली है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया है। इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 281, 125बी और 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हादसे के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। कालीन का काम करता है रोहित, परिवार पर आर्थिक संकट करीब 25 वर्षीय रोहित गौतम कालीन का काम करता है। उसके पिता भी कालीन बुनकर हैं। परिवार में रोहित और उसके पिता मुख्य रूप से कमाने वाले सदस्य हैं। हादसे के बाद रोहित के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। रोहित के दो भाई हैं। आकाश (17) और विशाल (23) बीकॉम के छात्र हैं। परिवार में दो बहनें भी हैं। एक की उम्र करीब 24 वर्ष है, जबकि दूसरी ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही है। परिवार बोला- इलाज का खर्च उठाना मुश्किल रोहित के परिजनों के मुताबिक, हादसे में उसका पैर कट जाने से उसकी हालत गंभीर है। लंबे इलाज की जरूरत बताई जा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति सीमित होने के कारण इलाज का खर्च जुटाना भी चुनौती बन गया है। परिजन रोहित के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *