बेसमेंट खोदाई से गिरे बिजली पोल, सैलून संचालक की मौत:रतनलाल नगर में हादसे से मचा हड़कंप, स्कूटी समेत 3 बाइकें क्षतिग्रस्त


रतनलाल नगर में सोमवार दोपहर बेसमेंट की खोदाई के दौरान बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से 5 बिजली के पोल भरभरा कर गिर गए। एक पोल रतनलाल नगर केस्को सब स्टेशन के पास स्थित सैलून पर जा गिरा, जिससे सैलून संचालक की मौत हो गई। हादसे में सबस्टेशन के पास खड़ी स्कूटी समेत 3 बाइकें क्षतिग्रस्त हो गई। एक के बाद एक पोल गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर अपनी जान बचाई। प्लॉट में 5 दिनों से चल रहा था खोदाई का काम रतन लाल नगर स्थित केस्को सबस्टेशन के पास लाजपत नगर स्थित गांधी टायर्स के संचालक का करीब 400 वर्ग गज का प्लॉट है। इलाकाई लोगों के मुताबिक करीब 5 दिनों से प्लॉट में जेसीबी मशीन से बेसमेंट की खोदाई का कार्य कराया जा रहा था। सोमवार दोपहर खोदाई के दौरान प्लॉट के पास स्थित एक पेड़ बिजली के तारों को अपनी चपेट में लेते हुए महादेव नगर स्थित सुनील कुमार की पंचर की दुकान के पास जा गिरा, जिससे उनका कंप्रेशर पलट गया। बिजली के तारों में खिंचाव होने से आस–पास के 5 बिजली के पोल अचानक से भरभरा का जा गिरे। इस दौरान एक पोल केस्को सबस्टेशन के पास स्थित मूलरूप से बिहार, छपरा घाटा मोहम्मदपुर व हाल पता बर्रा चार निवासी 40 वर्षीय रियाज अहमद के सैलून पर जा गिरा। चपेट में आने से रियाज गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान सैलून में मौजूद बर्रा चार निवासी धीरू बाल-बाल बच गया। आनन-फानन में इलाकाई लोग मौके पर पहुंचे और रियाज को बाहर निकाल कर परिजनों को जानकारी दी। पत्नी शमा परवीन ने रियाज को लेकर आहूजा नर्सिंग होम व मातृछाया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें हैलट रेफर कर दिया। हैलट में इलाज के दौरान रियाज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं बिजली का पोल गिरने से बर्रा–3 निवासी रविशंकर पांडेय की बाइक, रियाज की बाइक व एक अन्य स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। रविशंकर ने बताया कि वह मीटर के आवेदन के लिए केस्को सब स्टेशन आए थे। सब स्टेशन से फोटो कॉपी कराने के लिए जा रहे थे, इस दौरान हादसा हो गया। हादसे के बाद प्लॉट मालिक व जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पर गोविंद नगर पुलिस व केस्को अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बातया कि मृतक रियाज पिछले 20 सालों से पत्नी व दो बच्चे जुनैल व फरियाद के साथ रहते थे। पिछले सात सालों से उनका टट्‌टरनुमा सैलून केस्को सबस्टेशन के पास था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *