![]()
मुज़फ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव पावटी खुर्द में प्रस्तावित देशी शराब के ठेके का विरोध अब सड़कों पर उतर आया है। मंगलवार को गांव की सैकड़ों महिलाएं, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि हाथों में तख्तियां लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और जोरदार नारेबाजी करते हुए शराब के ठेके को निरस्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि गांव के मुख्य मार्ग पर ठेका खोला गया तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि कुटेसरा-पावटी मार्ग पर प्रस्तावित शराब का ठेका ऐसे स्थान पर खोला जा रहा है, जहां से रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राएं, छोटे बच्चे और महिलाएं गुजरती हैं। ऐसे में ठेका खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा और बेटियों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ जाएगा। ठेका खुलने से शराबियों की भीड़ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब का ठेका खुलने के बाद वहां शराबियों की भीड़ जमा होगी, जिससे आए दिन विवाद, अभद्रता और असामाजिक गतिविधियां बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि गांव का शांत वातावरण खराब हो जाएगा और इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ेगा। गांव के लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित शराब के ठेके को तत्काल निरस्त किया जाए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि गांव में शराब का ठेका किसी भी कीमत पर नहीं खुलने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया तो गांव के लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Source link
बेटियों के रास्ते में नहीं चाहिए शराब का ठेका:मुजफ्फरनगर में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट घेरा, प्रदर्शन कर ठेका खोलने का विरोध