अयोध्या के टकसरा में दिखा तेंदुआ जैसा संदिग्ध जानवर:राजकीय इंटर कॉलेज के पास दिखने से दहशत, पुलिस और वन विभाग अलर्ट


अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम तेंदुआ जैसा एक संदिग्ध जानवर देखा गया। यह जानवर राजकीय इंटर कॉलेज टकसरा के पास फसल की रखवाली कर रहे लोगों को दिखा। जानवर दिखने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में डर का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना इनायतनगर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली और वन विभाग को बताया। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार देर शाम वे खेतों में फसल की रखवाली कर रहे थे। तभी उन्हें खेत के पास तेंदुआ जैसा एक जानवर दिखा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह जानवर वहां से चला गया। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह तेंदुआ ही था या कोई और जंगली जानवर। जानवर की मौजूदगी की पुष्टि भी नहीं हुई है। रेंज अधिकारी कुमारगंज संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि मिल्कीपुर के उप जिलाधिकारी ने भी इलाके में संदिग्ध हिंसक जानवर होने की जानकारी दी है। वन विभाग की एक टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम इलाके में जांच और निगरानी के बाद ही बता पाएगी कि ग्रामीणों ने कौन सा जानवर देखा था। थाना प्रभारी इनायत नगर राजेश कुमार सिंह ने लोगों से सावधान रहने को कहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने बच्चों और पालतू जानवरों का खास ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि रात में अकेले घर से बाहर न निकलें और न ही बच्चों या किसी और को अकेले बाहर जाने दें। अगर कहीं कोई संदिग्ध या हिंसक जानवर दिखे, तो तुरंत डायल 112, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि या वन विभाग को बताएं। पुलिस ने आसपास के गांवों में भी लोगों को अलर्ट कर दिया है। वन विभाग की टीम पहुंचने के बाद इलाके में जानवर की तलाश करेगी और उससे जुड़ी जानकारी जुटाएगी। पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *