लखीमपुर खीरी: भंडारे में विवाद, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा:अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, स्थिति नियंत्रण में


लखीमपुर खीरी के फरधान थाना क्षेत्र के अग्गर बुजुर्ग गांव में मंदिर के पास आयोजित भंडारे के दौरान हुए विवाद में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, यह विवाद तब शुरू हुआ जब मंदिर के पास चल रहे भंडारे के दौरान रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों के कारण धूल उड़कर प्रसाद में जाने लगी। भंडारा आयोजकों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुसुनी हुई और विवाद बढ़ गया। सूचना मिलते ही फरधान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद का मुख्य कारण उड़ती धूल का प्रसाद में मिलना था। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर ताजिये के जुलूस और पत्थरबाजी से जुड़ी खबरें पूरी तरह निराधार हैं। जांच में ऐसे कोई तथ्य सामने नहीं आए हैं। खीरी पुलिस ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में शांति भंग करने के उद्देश्य से झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। गांव में स्थिति फिलहाल सामान्य और पूरी तरह नियंत्रण में है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *