![]()
कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र में NH-28 पर सलेमगढ़ क्रॉसिंग के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस दुर्घटना का 23 सेकंड का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार का कहर साफ दिख रहा है। हादसे में बाइक सवार भाई और उसकी दो बहनें घायल हो गईं। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सलेमगढ़ क्रॉसिंग से यू-टर्न ले रही एक कार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे जा पहुंचे और वहां मौजूद बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों कारों में सवार कुछ लोग भी चोटिल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना बीते दिन दोपहर में हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात सामान्य कराया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सलेमगढ़ NH-28 पर यह क्रॉसिंग लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बनी हुई है। उनके मुताबिक, यहां अब तक एक दर्जन से अधिक हादसे हो चुके हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और स्थानीय प्रशासन ने इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। लोगों ने हाईवे पर गति नियंत्रण के उपाय, उचित संकेतक और सुरक्षित यू-टर्न व्यवस्था लागू करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
बेकाबू कार की टक्कर ने बाइक में मारी टक्कर, VIDEO:भाई समेत दो बहनें उछलकर रोड पर गिरे, तीनों घायल अस्पताल में भर्ती