मेरठ में आज 40 डिग्री पार करेगा तापमान:लू भी बढ़ाएगी लोगों की परेशानी, रोजाना होगी बढ़ोतरी नहीं राहत के आसार


मेरठ में मई के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को सीजन में पहली बार दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने का अनुमान है। जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रह सकता है। सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और फिलहाल राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर गर्म हवाओं का असर दिखाई देने लगा। दोपहर के समय बाजारों और मुख्य मार्गों पर लोगों की आवाजाही कम रही। तेज धूप और लू के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और बाहर काम करने वाले लोगों को हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुष्क हवाओं के कारण गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ेगा।
सुबह से ही चुभने लगी धूप
सोमवार को सुबह करीब आठ बजे से ही सूरज की तपिश महसूस होने लगी थी। दोपहर तक सड़कें तपने लगीं और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। कई इलाकों में लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर निकलते दिखाई दिए। बाजारों में ठंडे पेय पदार्थ, जूस, नींबू पानी और आइसक्रीम की बिक्री बढ़ गई है।
अस्पतालों में बढ़ रहे डिहाइड्रेशन और स्किन एलर्जी के मरीज
गर्मी बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, बुखार, उल्टी-दस्त और स्किन एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है। डॉक्टरों के मुताबिक तेज धूप में लंबे समय तक रहने से शरीर में पानी की कमी तेजी से हो रही है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। लू चलने की संभावना भी बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल किसी पश्चिमी विक्षोभ या बारिश की संभावना नहीं दिख रही, इसलिए लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भीषण गर्मी के चलते शहर में बिजली और पानी की खपत भी तेजी से बढ़ रही है। कई इलाकों में दोपहर और शाम के समय बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं पानी की मांग बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि तेज धूप में निकलने से बचें और किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *