![]()
बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र के कोड़ा शमशाबाद गांव स्थित एक अस्थाई गौशाला में गोवंश की दयनीय स्थिति सामने आई है। यहां भूख और प्यास के कारण कई गोवंश दम तोड़ रहे हैं। हाल ही में एक मृत गाय को आवारा कुत्ते नोचते हुए देखे गए, जिससे गौशाला प्रबंधन की घोर लापरवाही उजागर हुई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गौशाला में गोवंशों को समय पर चारा और पानी नहीं मिल पा रहा है। चारे और उचित इलाज के अभाव में कमजोर होकर गिरने वाले गोवंशों की कोई सुध नहीं ली जा रही है, जिससे उनकी मौत हो रही है। गौशाला की बदहाली को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों और गोसेवकों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन द्वारा गौशालाओं के संचालन और चारे-पानी के लिए बजट जारी किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर गोवंश भूख-प्यास से मर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मृत गोवंशों का समय पर निस्तारण (दफनाना) नहीं किया जाता, जिससे गौशाला के आसपास संक्रमण और दुर्गंध का खतरा बना हुआ है। एक स्थानीय गोसेवक ने कहा, “सरकारी दावों के विपरीत धरातल पर स्थिति बेहद खराब है। यदि जल्द ही चारे, पानी और नियमित पशु चिकित्सक की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।” क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विकास खंड अधिकारी (BDO) और पशु चिकित्सा अधिकारी से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करने और गौशाला में गोवंशों के लिए चारे-पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। इस संबंध में एडीएम प्रशासन नीतीश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित एसडीएम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिम्मेदारी तय कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बुलंदशहर गौशाला में गोवंश की मौत, कुत्ते नोच रहे शव:ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप।