![]()
बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला सिपाही से चेन छीन ली और फरार हो गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महिला सिपाही की पहचान अनुराधा चौधरी के रूप में हुई है, जो महिला थाने में तैनात हैं। रविवार शाम को वह सादे कपड़ों में मंडावर रोड पर फल खरीदने गई थीं। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उनके गले से चेन झपट्टा मारकर छीन ली। बदमाश वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है। सामने आए फुटेज में दिख रहा है कि पीड़िता फल खरीद रही है, तभी एक बाइक आकर रुकती है और पीछे बैठा व्यक्ति महिला के गले से चेन छीनकर भागता है। इसके बाद वह कुछ दूरी पर खड़ी बाइक पर बैठकर फरार हो जाता है। जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वह शहर का सबसे सुरक्षित इलाका माना जाता है। यहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस अधिकारियों के आवास, जिला अस्पताल और कोर्ट स्थित हैं। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया- सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि घटना के खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Source link
बिजनौर में महिला सिपाही से चेन छीनकर बदमाश फरार:घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस की 4 टीमें तलाश में जुटी