![]()
मुजफ्फरनगर में नाबालिग को बंधक बनाकर युवक ने 3 दिन तक उसके साथ रेप किया। युवक ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती करके 16 साल की लड़की को कासगंज से बुलाया था। यहां अपने दोस्त के घर पर बंधक बनाया। शुक्रवार रात दो दोस्तों के साथ लड़की को दूसरी जगह लेकर जा रहा था। लोगों को देखते ही किशोरी ने शोर मचा दिया तो तीनों लड़के फरार हो गए। समाजसेवी शालू सैनी और नीशू ने लड़की को एक आश्रम पहुंचाया। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज किए और उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। पुलिस ने लड़की के घर वालों को जानकारी दे दी है। मामला खालापार थाना क्षेत्र का है। कासगंज की रहने वाली 16 साल की लड़की की इंस्टाग्राम पर कृष्णापुरी के रहने वाले युवक से दोस्ती हो गई। इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान युवक ने लड़की का फोन नंबर ले लिया और बातचीत करने लगा। धीरे-धीरे उसने लड़की को झांसे में लेना शुरू कर दिया। उसने नाबालिग को शादी का झांसा दिया और मिलने के लिए मुजफ्फरनगर बुलाया। युवक ने घर में रखे जेवर और कैश साथ लेकर आने के लिए कहा। 3 दिन पहले लड़की घर से जेवर और नकदी लेकर आ गई। युवक उसे प्रेमपुरी में अपने परिचित के घर पर ले गया। यहां उससे सारा सामान छीन लिया। बंधक बनाकर 3 दिन तक रेप किया। लड़की किसी को कुछ बता न पाए इसलिए उसका फोन छीन लिया और सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिया। शुक्रवार देर रात युवक अपने दो दोस्तों के साथ किशोरी को लेकर दूसरी जगह जा रहा था। लड़की ने जैसे ही बाहर लोगों को देखा तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जुटने लगी। डरकर तीनों आरोपी लड़की को छोड़कर फरार हो गए। समाजसेवी शालू सैनी और नीशू भी मौके पर पहुंचीं और किशोरी को अपनी सुरक्षा में लेकर कृष्णापुरी स्थित एक आश्रम में पहुंचाया। शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे दरोगा मनोज शर्मा ने लड़की के बयान दर्ज किए और उसके घर वालों को जानकारी दी। पुलिस को किशोरी ने बताया कि आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर मुझे बुलाया था। अभी नाबालिग को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। दरोगा मनोज शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लड़की को अभी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। कासगंज पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है कि वहां पर मामले से संबंधित कोई मामला दर्ज तो नहीं है।
Source link
मुजफ्फरनगर में नाबालिग को बंधक बनाकर रेप:इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर शादी का वादा किया, कासगंज से पहुंची, शोर मचाने पर छोड़कर भागे